सहारनपुर , मार्च 16 -- उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले के तीन अलग अलग थाना क्षेत्रों में हुयी सड़क दुर्घटनाओं में एक महिला और तीन युवकों की मौत हो गई है।

पुलिस अधीक्षक देहात सागर जैन ने सोमवार को बताया कि बीती रात थाना नानौता क्षेत्र में पानीपत की बत्रा कालोनी निवासी कार सवार राधेश्याम (27) और जरनैल सिंह (25) की उस वक्त मौके पर ही मौत हो गई जब उनकी कार आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। उनके साथी पवन, दीपक और जसमेर गंभीर रूप से घायल हो गये जिन्हे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि कार सवार लोग हरिद्वार जा रहे थे।

एक अन्य सड़क हादसे में थाना चिलकाना क्षेत्र में प्रेमलता (60) की बाइक से कुचलकर सड़क पर गिर जाने से उसकी मौत हो गई। बाइक उनका पौत्र आर्यन चला रहा था। गांव कर्पूरी के पास बाइक खड्डे में गिरने से उछल गई और महिला बीच सड़क पर गिरने से गंभीर चोट आई जो उनकी मौत का कारण बन गई।

उधर नांगल थाना क्षेत्र में एक युवक संजू (19) निवासी गांव मीरपुर मोहनपुर की बाइक पेड़ से टकराने से आज उसकी अस्पताल में मौत हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित