सहारनपुर , अप्रैल 02 -- सहारनपुर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ट्रेडिंग के नाम पर 1.31 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले का खुलासा करते हुए एक शातिर जालसाज को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से नकदी, विदेशी मुद्रा, चेकबुक और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि पिछली 16 फरवरी को पीड़ित अंशुल गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति ने ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर उनसे एक करोड़ 31 लाख 25 हजार 200 रुपये ठग लिए। इस मामले में साइबर क्राइम थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 319(2) और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर क्राइम टीम ने जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी भूपेंद्र (निवासी खातीपुरा, जयपुर, राजस्थान) को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित एक होटल के कमरे से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के पास से 25,650 रुपये नकद, विदेशी करेंसी, 13 चेकबुक, एक स्मार्टफोन और टैबलेट बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मामले में बीएनएस की धारा 317(2) भी जोड़ी गई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित