सहारनपुर , फरवरी 19 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जिला प्रशासन द्वारा उठाए गए कदमों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि हालिया प्रयासों के चलते सड़क हादसों में 21 प्रतिशत तथा मृतकों की संख्या में 7.7 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। उन्होने कहा कि सभी मुख्य मार्गों पर अवैध कट तत्काल बंद कराए जा रहे हैं। साथ ही नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर रोक लगाने और स्कूली बच्चों के बीच यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता धर्मेंद्र सिंह के अनुसार जनवरी माह में सड़क दुर्घटनाओं और मृतकों की संख्या में गिरावट दर्ज की गई है। डीएम ने इस सकारात्मक प्रवृत्ति को निरंतर बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर "सड़क खाली करो" अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सार्वजनिक स्थलों और मुख्य मार्गों पर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमण और अवरोध हटाए जा रहे हैं, ताकि आवागमन सुरक्षित और सुगम बनाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित