सहारनपुर , फरवरी 12 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं तीन बार विधायक रह चुके संजय गर्ग ने दावा किया है कि सहारनपुर में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) की स्थापना किए जाने की प्रबल संभावना है।
पूर्व मंत्री गर्ग ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) सांसद चंदन सिंह चौहान के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात की थी जिसमें उन्हे बताया गया कि सहारनपुर जिला मुख्यालय पर आईआईटी रुड़की (उत्तराखंड) का 25 एकड़ द्वितीय परिसर स्थित है, जहां पर पेपर इंजीनियिरिंग, पॉलिमर एंड प्रोसेस इंजीनियरिंग एवं एप्लाइड मैथ और साइंटिफिक कम्प्यूटरिंग में एम टैक एवं पीएचडी के केवल 150 छात्र-छात्राएं ही शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। उसी परिसर से सटा केंद्रीय वाणिज्य विभाग के तहत सेंटर फॉर पेपर एंड पल्प रिसर्च इंस्टीटयूट (सीपीपीआरआई) का 110 एकड़ का परिसर भी स्थित है।
श्री गर्ग के मुताबिक उन्होने श्री प्रधान से कहा कि इन दोनों परिसरों को मिलाकर सहारनपुर में नई आईआईटी की स्थापना की जा सकती है। गर्ग का कहना था कि देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में अभी तक मात्र दो ही आईआईटी कानपुर और वाराणसी ही है। सहारनपुर पश्चिमी उत्तर प्रदेश का हरियाणा और उत्तराखंड करी सीमाओं से सटा मंडल मुख्यालय है। सहारनपुर में आईआईटी की स्थापना से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ पूरे भारत के प्रतिभाशाली युवाओं को उच्च तकनीक एवं इंजीनियरिंग की स्तरीय शिक्षा प्राप्त हो सकेगी।
संजय गर्ग के मुताबिक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने उनके इस प्रस्ताव की सराहना की और भरोसा दिया है कि वह सहारनपुर में नई आईआईटी की स्थापना कर सकते है। उन्होंने श्री संजय गर्ग से कहा कि इस संबंध में उन्हें अपेक्षित सहयोग प्रदान करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित