सहारनपुर , मार्च 26 -- उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले की थाना गागलहेड़ी पुलिस ने युवती को नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेचने के मामले में एक महिला समेत चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में लता निवासी लोईवाला ऋषिकेश, राहुल निवासी धड़कौली थाना गागलहेड़ी, आदेश निवासी तिवड़ा थाना बेहट और अज्जू निवासी बांडेबांस थाना गागलहेड़ी शामिल हैं। इन्हें हरोड़ा पुल के नीचे से गिरफ्तार किया गया।

उन्होने बताया कि आरोपियों ने पीड़िता को नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसे डेढ़ लाख रुपये में बेच दिया। जब पीड़िता को इसकी जानकारी हुई और उसने विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे अवैध रूप से घर में बंद कर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

इस संबंध में थाना गागलहेड़ी में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित