सहारनपुर , मार्च 10 -- सहारनपुर जिले की नानौता पुलिस ने करीब पांच माह पहले हुए आशु हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक की प्रेमिका और उसके पहले प्रेमी को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने मंगलवार को बताया कि 12 नवंबर 2025 को आरोपियों ने आशु को शराब पिलाकर नशे की हालत में नाले में फेंक दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई। इस मामले में 13 नवंबर को मृतक के भाई सचिन ने थाना नानौता में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस जांच में पता चला कि विवाहित महिला रूबी का गंगोह निवासी सोनू के साथ पहले से प्रेम प्रसंग था। बाद में सोनू की शादी कहीं और हो जाने पर रूबी ने अपने मोहल्ले के युवक आशु से संबंध बना लिए। कुछ समय बाद रूबी ने फिर से सोनू से संपर्क बढ़ा लिया और दोनों मिलने-जुलने लगे।
आशु ने इसका विरोध किया, जिससे वह दोनों के रास्ते में बाधा बनने लगा। इसके बाद रूबी और सोनू ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। एसएसपी के अनुसार 12 नवंबर 2025 की रात आरोपियों ने नानौता के ईदगाह रोड स्थित रूहाड़ा पुल पर आशु को शराब पिलाई और जब वह अधिक नशे में हो गया तो उसे पुल से नीचे फेंक दिया। पानी और दलदल में फंसने से उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित