सहारनपुर , फरवरी 24 -- सहारनपुर जिले के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत ने वर्ष 2016 के चर्चित दोहरे हत्याकांड में दोषी पाए गए 13 आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।

सरकारी अधिवक्ता दीपक सैनी एवं एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि 12 नवंबर 2016 को गंगोह कोतवाली क्षेत्र के कुंडा खुर्द गांव में जमीन विवाद को लेकर यामीन और तासीन की हत्या कर दी गई थी। दोनों सगे भाई थे। इस मामले में यामीन के पुत्र इसरार ने तेरह लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। करीब सवा नौ वर्ष बाद अदालत ने अपना निर्णय सुनाया।

अदालत ने मुस्तकीम, मुशतफा, मुनव्वर, सनव्वर, अनवर, इस्लाम, मोहसिन, शौकीन, गुलजार, जमशेद, परवेज और राकिब सहित सभी दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। इनमें मुनव्वर, मुशतफा, सनव्वर और मुश्तकीम आपस में सगे भाई बताए गए हैं। न्यायालय ने दोषियों पर 10 लाख 73 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित