सहारनपुर , अप्रैल 23 -- उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले की सरसावा पुलिस ने गुरुवार तड़के एक मादक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग डेढ़ करोड़ रुपये कीमत का 10 क्विंटल 22 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया पुलिस अधीक्षक (देहात) मयंक पाठक ने गुरुवार शाम बताया कि वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने नकुड़ रोड स्थित हाइवे पुल के पास बंद पड़े एक ईंट-भट्टे से शातिर तस्कर हरवीर सिंह, निवासी ग्राम शेखपुरा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 30 प्लास्टिक के कट्टों में भरा भारी मात्रा में डोडा पोस्त बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने बेटे और अन्य साथियों के साथ मिलकर डोडा पोस्त की तस्करी और सप्लाई का काम करता था।
उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रवेश शर्मा सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित