सहारनपुर , अप्रैल 02 -- सहारनपुर में देवबंद थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले का खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त .315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि 29 मार्च को महमूदपुर गांव निवासी अरुण कुमार ने तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ अज्ञात युवक होटल 'रोज वीआईपी' में कमरा लेने पहुंचे थे। आईडी मांगने पर उन्होंने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, होटल में तोड़फोड़ की और फायरिंग की। इस मामले में थाना देवबंद में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सागर जैन और क्षेत्राधिकारी देवबंद अभितेश सिंह के पर्यवेक्षण में, प्रभारी निरीक्षक रोजंत त्यागी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए विवेक उर्फ सिंग्गा (निवासी रणखंडी, थाना देवबंद) को नूरपुर गांव के पास एक निर्माणाधीन कॉलोनी से गिरफ्तार किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 भी बढ़ाई गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक देवेंद्र भाटी, हेड कांस्टेबल शिवकुमार, हेड कांस्टेबल राहुल और कांस्टेबल योगेश कुमार शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित