सहारनपुर , अप्रैल 7 -- उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले की गंगोह पुलिस ने मंगलवार को मुठभेड़ के दौरान एक गौकश तस्कर को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि न्यू हॉलेंड शोरूम के पास चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे भागने लगे। पीछा किए जाने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ गोली चलाई, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई।

घायल आरोपी की पहचान मरगूल उर्फ गुल्लू पुत्र अब्बास निवासी मोहल्ला नासुरान के रूप में हुई है। उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि उसका साथी फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक देहात सागर जैन ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित