सहारनपुर , फरवरी 12 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के जिलाधिकारी मनीष बंसल ने गुरुवार को तहसील देवबंद का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई व्यवस्था का अवलोकन किया। कार्यालयों में पत्रावलियों का रख-रखाव संतोषजनक नहीं पाए जाने पर व्यवस्थित करने के सख्त निर्देश दिये। इसके साथ ही परिचय पत्र को प्रदर्शित करने को कहा।

जिलाधिकारी मनीष बंसल द्वारा निरीक्षण के दौरान न्यायालय उप जिलाधिकारी देवबंद, न्यायालय उप जिलाधिकारी (न्यायिक) देवबंद, न्यायालय तहसीलदार देवबंद, न्यायालय तहसीलदार (न्यायिक) देवबंद, न्यायालय नायब तहसीलदार देवबंद का निरीक्षण किया गया। न्यायालय में निरीक्षण के समय में तीन वर्ष पुराने विचाराधीन वादों की समीक्षा की गयी तथा निर्देशित किया गया कि वह पांच वर्ष से पुराने वादों में दिन प्रतिदिन की तिथि नियत कर गुण-दोष के आधार पर निस्तारण कराये तथा यह सुनिश्चित कर लिया जाये कि वादों का निस्तारण समय अन्तर्गत हो। संग्रह विभाग में निरीक्षण के समय अभिलेखों का रख-रखाव पर निर्देशित किया गया कि वह अभिलेखों का रख-रखाव उचित प्रकार से कराये।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप तहसील में सभी न्यायालयों में लंबित वादों को कम से कमतर किया जाए और तहसील आने वाले फरियादियों की समस्याओं का समयबद्धता से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। रजिस्ट्रार कानून कार्यालय में दैवीय आपदा के प्रकरणों को देखा गया जिसमें प्रभावित व्यक्तियों को समय अन्तर्गत सहायता प्राप्त हुई है या नहीं के सम्बन्ध में समीक्षा की गयी। समीक्षा में समय अन्तर्गत कार्यवाही पायी गयी। राजस्व अभिलेखागार में रैण्डम के आधार पर ग्रामों के बस्ते चैक किये गये जिसमें बस्ता सूची के अनुसार अभिलेख पाये गये। लेखपालों की सेवा पुस्तिका को भी रैण्डम के आधार पर चैक किया गया जो सही अवस्था में पूर्ण पायी गयी।

श्री बंसल द्वारा राजस्व अभिलेखागार में अग्नि शमन यंत्र चैक किया गया तथा निर्देशित किया गया कि यह रिकार्ड बहूमुल्य है तथा समय-समय पर अग्नि शमन यंत्र चैक कराये जाये। भू-लेख का निरीक्षण कर खतौनी समय अन्तर्गत प्रदान की जा रही है के सम्बन्ध में समीक्षा की गयी तथा निर्देशित किया गया कि कृषकों को खतौनी नियत समय अवधि प्राप्त हो जाये। निरीक्षण के समय अपर जिलाधिकारी न्यायिक राम आसरे वर्मा, उप जिलाधिकारी देवबंद युवराज सिंह, उप जिलाधिकारी (न्यायिक) देवबंद, तहसीलदार देवबंद पुष्पांकर एवं ओ एस डी अनिप कुमार सहित अन्य अधिकारीगण तथा कर्मचारीगण उपस्थित रहें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित