प्रयागराज , अप्रैल 18 -- उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। यह परीक्षा 18 और 19 अप्रैल को प्रदेश के छह जिलों में चार पालियों में आयोजित की जा रही है। आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार परीक्षा आगरा, मेरठ, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर के कुल 53 केंद्रों पर हो रही है। 33 विषयों के 910 पदों के लिए अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने परीक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पारदर्शी, निष्पक्ष और सुरक्षित परीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा केंद्रों के कक्षों एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिन्हें संबंधित जनपदों तथा आयोग के कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है।

परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रत्येक जनपद में आयोग के सदस्यों को प्रेक्षक नियुक्त किया गया है। इनमें गोरखपुर में डॉ. कृष्ण चंद्र वर्मा, प्रयागराज में डॉ. हरेंद्र कुमार राय तथा वाराणसी में विमल कुमार विश्वकर्मा समेत अन्य सदस्य शामिल हैं।

जिला प्रशासन की ओर से सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां नजर रखेंगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच या किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। नकल अथवा परीक्षा की शुचिता प्रभावित करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच आयोग असिस्टेंट प्रोफेसर पुनर्परीक्षा में एक पायलट प्रोजेक्ट भी शुरू करने जा रहा है। इसके तहत पहली बार परीक्षा केंद्र के भीतर अभ्यर्थियों के सामने ही उनकी ओएमआर शीट स्कैन की जाएगी। स्कैनिंग के बाद डिजिटल डाटा तत्काल सुरक्षित कर लिया जाएगा।

आयोग के उपसचिव द्वारा जारी सूचना के अनुसार यह प्रयोग फिलहाल प्रयागराज मंडल मुख्यालय के पांच केंद्रों पर लागू किया जाएगा। इनमें मेरी वानामेकर गर्ल्स इंटरमीडिएट कॉलेज, सेवा समिति विद्या मंदिर इंटर कॉलेज रामबाग, कर्नलगंज इंटर कॉलेज टैगोर टाउन, अग्रसेन इंटर कॉलेज लूकरगंज तथा प्रयाग महिला विद्यापीठ इंटर कॉलेज सिविल लाइंस शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित