सहरसा/खगड़िया , मार्च 13 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि जल्द ही सहरसा में भी एयरपोर्ट निर्माण के लिए टेंडर जारी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान उपमुख्यमंत्री श्री चौधरी ने सहरसा स्टेडियम में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जल्द ही सहरसा में भी एयरपोर्ट निर्माण के लिए टेंडर जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासन में सहरसा विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

श्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार ने राज्य में विकास की मजबूत नींव रखी है। उन्होंने कहा कि एक समय सहरसा और आसपास का इलाका टापू बन जाता था। बी.पी. मंडल पुल के क्षतिग्रस्त होने पर उसे ठीक होने में वर्षों लग जाते थे। सिमरी बख्तियारपुर और आसपास के क्षेत्रों में स्थिति काफी परेशान करने वाली थी।

पहले खगड़िया से सहरसा आने में चार से पांच घंटे लगते थे, आज पटना से सहरसा का सफर चार घंटे में पूरा हो रहा है। कोसी, काली कोसी और गंडक जैसी नदियों से घिरे इस इलाके में अब सड़कों का जाल बिछ चुका है। सैकड़ों छोटे-बड़े पुलों का निर्माण कराया गया है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जिस बिहार में कभी मात्र छह हजार किलोमीटर सड़कें थीं, वहां आज करीब एक लाख 40 हजार किलोमीटर सड़कों का निर्माण कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि मानसी से सहरसा तक फोरलेन सड़क का निर्माण किया जा रहा है।उन्होंने कहा कभी बिहार का बजट छह हजार करोड़ रुपये था, वह आज बढ़कर साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये हो गया है। वर्ष 2005 से पहले जहां राज्य में केवल 17 लाख बिजली उपभोक्ता थे, आज यह संख्या दो करोड़ 16 लाख है। राज्य में 23 से 24 घंटे बिजली की आपूर्ति हो रही है। 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली से करीब 88 प्रतिशत उपभोक्ताओं का बिल शून्य आ रहा है।साइकिल, पोशाक और छात्रवृत्ति जैसी योजनाओं के साथ पंचायत चुनाव में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित