सहरसा , दिसंबर 29 -- बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने सहरसा अंचल के राज्यकर संयुक्त आयुक्त कार्यालय के कार्यालय परिचारी शंकर कुमार को 75 हजार रूपये रिश्वत लेते हुये गिरफ्तार कर लिया।

ब्यूरो सूत्रों ने बताया कि सहरसा जिले के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र निवासी और परिवादी सिराजूल होदा ने पटना ब्यूरो, के कार्यालय में शिकायत दर्ज करायी थी कि कार्यालय परिचारी शंकर कुमार के द्वारा उनके किये गये टैक्स पेड को सेटल कर इनके खाता को होल्ड से हटाने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है।

ब्यूरो द्वारा प्राप्त षिकायत का सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया। प्रथम दृ़ष्टया आरोप सही पाये जाने के बाद कांड अंकित कर पटना ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक और अनुसंधानकर्त्ता पवन कुमार के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया।

सूत्रों ने बताया कि धावादल द्वारा कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त शंकर कुमार 75 हजार रूपये रिश्वत लेते हुये राज्यकर संयुक्त आयुक्त कार्यालय के सामने चाय दुकान से गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे भागलपुर निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित