पटना , दिसंबर 16 -- बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मंगलवार को सहरसा जिले के पतरघट अंचल के राजस्व कर्मचारी राहुल कुमार को पांच हजार रूपये रिश्वत लेते हुये गिरफ्तार कर लिया।
ब्यूरो सूत्रों ने बताया कि सहरसा जिले के पतरघट थाना क्षेत्र के धबौली गांव निवासी और परिवादी रणबहादुर सिंह ने ब्यूरो में शिकायत दर्ज करायी थी कि राजस्व कर्मचारी राहुल कुमार के द्वारा उनके जमीन के परिमार्जन करने के एवज रिश्वत की मांग की जा रही है। ब्यूरो द्वारा प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाये जाने के बाद कांड अंकित कर ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक और अनुसंधानकर्त्ता मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया।
सूत्रों ने बताया कि धावादल द्वारा कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त राहुल कुमार को पांच हजार रूपये रिश्वत लेते हुए पतरघट अंचल कार्यालय से गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे भागलपुर निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित