हनुमानगढ़ , जनवरी 12 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के गोलूवाला थाना क्षेत्र में पत्नी को ले जाने के लिये ससुराल आए एक युवक की संदिग्ध रूप से मौत हो गयी।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि करणवीर की पत्नी रेखा परिवार से झगड़े के बाद 26 दिसम्बर को अपने मायके लाखासर चली गई थी। करणवीर पत्नी को मनाने और उसे वापस कोहला ले जाने के इरादे से आठ जनवरी को ससुराल पहुंचा। यहां वह रेखा को समझाने की कोशिश कर रहा था। उसी दौरान 10 जनवरी को उसकी मौत हो गयी।

करणवीर के परिजनों ने उसकी पत्नी रेखा, ससुर सुगनाराम और साले दीपक के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करा दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित