, Feb. 7 -- देहरादून 07 फरवरी (,वार्ता) केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप पुरी ने शनिवार को यहां कहा कि सशक्त नारी विकसित भारत की कुंजी है।

श्री पुरी ने केंद्रीय बजट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा द्वारा आयोजित "महिला संवाद" कार्यक्रम में कहा, " प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार के 13 साल के कार्यकाल में नौवीं बार वित्त मंत्री के रूप में श्रीमती निर्मला सीतारमण ने बजट पेश किया है, ये हमारे लिए बहुत गर्व की बात है।"उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले उत्तराखंड को बजट में औसतन केवल 190 करोड़ रुपये दिये जाते थे, लेकिन इसको लगातार बढ़ाते हुए केंद्र सरकार ने इस बार 26 गुना बढ़ाकर 4760 करोड़ रुपये से भी ऊपर कर दिया है। उन्होंने कहा, " 2014 से पहले भारतीय अर्थव्यवस्था विश्व में 11 वे नंबर पर थी, लेकिन अब अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के अनुसार हम जल्द ही तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहे हैं।" उन्होंने कहा कि इसके साथ ही बजट में महिला सशक्तिकरण, नारीशक्ति को बढ़ाने और जेंडर बजटिंग पर ज्यादा जोर है। उन्होंने बताया कि पूर्व में जब वह सात साल केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के राज्य मंत्री रहे, उसी दौरान सरकार ने स्वच्छता अभियान शुरू किया, जिसमें महिलाओं के सम्मान के लिए देश भर में शौचालय बनाए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना शुरू की, जिसमें 70 प्रतिशत मकानों की मालिक महिलाएं ही बनीं। उन्होंने बताया कि 14 करोड़ गैस कनेक्शन बढ़कर अब 33 करोड़ हो चुके है। ये सभी इसलिए किया गया, क्योंकि मोदी का विकास का विजन महिलाओं पर केंद्रित है।

श्री पुरी ने कहा कि श्री मोदी का मानना है कि जब महिलाएं नेतृत्व करती हैं तभी जमीनी बदलाव आता है। उन्होंने उत्तराखंड की ढांचागत व्यवस्था के बेहतरीन सुधार की तारीफ करते हुए बताया कि कैसे 8 घंटों का लंबा सफ़र अब मात्र 3 घंटों में पूरा हो जाता है। ये सब पूरे देश में इसीलिए हो सका है, क्योंकि मोदी सरकार का विश्वास है कि जब पूंजीगत संसाधनों पर खर्च किया जाता है तभी देश सही मायनों में दीर्घकालिक प्रगति करता है।

इस अवसर पर महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की चिंता करते हुए शी मार्ट्स योजना घोषित की और बालिकाओं के लिए हर जिले में छावासा बनवाने की चिंता की। उन्होंने बजट के मुख्य बिंदुओं की जानकारी देते हुए बताया कि यह बजट महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, स्वरोज़गार के अवसरों के विस्तार, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा की दृष्टि से अभूतपूर्व है। उन्होंने ये भी बताया कि पूरे प्रदेश में महिला मोर्चा आज तक बजट संवाद और चौपाल के 33 सफल कार्यक्रम कर चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित