भोपाल , फरवरी 7 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि किसानों की बेहतरी के लिए राज्य सरकार ने पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करना शुरू किया है। किसानों को उनकी मेहनत का पूरा दाम दिलाने के लिए सरकार शिद्दत से प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सशक्त किसान से ही समृद्ध मध्यप्रदेश का निर्माण संभव है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि शनिवार, 7 फरवरी से प्रदेश में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए किसान पंजीयन की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। उन्होंने कहा कि किसान पंजीयन की अंतिम तिथि 7 मार्च 2026 निर्धारित की गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अन्नदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राज्यभर में कुल 3186 किसान पंजीयन केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां किसान आसानी से अपना पंजीयन करा सकते हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे समय-सीमा के भीतर पंजीयन कराकर सरकार की इस योजना का लाभ उठाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित