चित्तौड़गढ़ , मार्च 15 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के निम्बाहेड़ा के सदर थाना क्षेत्र में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सवा करोड़ रुपये की कच्ची चांदी की सिल्ली (ईंटें) बरामद की हैं।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने रविवार को बताया कि थानाधिकारी संजय शर्मा पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम ने नाकाबंदी के दौरान एक कार को रुकवाकर तलाशी ली तो उसके अंदर गियर बॉक्स के नीचे विशेष रूप से बनाई गये करीब ढाई फुट लंबी एवं डेढ़ फुट चौड़ी गुप्त जगह में छिपाकर रखी आठ चांदी की सिल्ली बरामद हुईं।
उन्होंने बताया कि आरोपियों से चांदी के संबंध में कोई वैध बिल या अनुज्ञा पत्र प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने चांदी की सिल्ली को जब्त कर लिया, जिसका कुल वजन 54 किलो 540 ग्राम पाया गया। बरामद चांदी की अनुमानित कीमत करीब सवा करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों बाबूलाल सिरवी, रतनलाल सिरवी एवं नवनाथ पंवार को गिरफ्तार करके कार सहित संदिग्ध चांदी जब्त कर ली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित