बैतूल , अप्रैल 13 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर रोक के दावों के बीच खनिज विभाग की कार्रवाई सवालों के घेरे में है। सारनी-बोरी मार्ग पर लंबे समय से बिना रॉयल्टी और बिना नंबर प्लेट के दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रॉली धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है।

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय टीम की मौजूदगी के दौरान रेत माफिया अपने वाहन छिपा लेते हैं और जैसे ही टीम लौटती है, शाम होते ही फिर से अवैध परिवहन शुरू हो जाता है। शिवश्याम माहिते, कुशांक, साहिल मास्के और महीराम नागोरिया सहित अन्य ग्रामीणों ने कार्रवाई को नाकाफी बताते हुए कहा कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में अवैध रेत से भरे वाहन गुजरते हैं।

खनिज विभाग ने हालांकि दो मामलों में कार्रवाई की है। खनिज निरीक्षक भगवत नागवंशी के अनुसार, सारनी-बोरी मार्ग पर भूमका देव घाट के पास एक रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई, जबकि दूसरी कार्रवाई आमला-बोरदेही मार्ग पर की गई। दोनों वाहनों को जब्त कर संबंधित थानों में खड़ा कराया गया है।

उन्होंने बताया कि बिना रॉयल्टी रेत परिवहन के मामले में दोनों वाहन मालिकों के खिलाफ 31-31 हजार रुपए का जुर्माना प्रस्तावित किया गया है। इस तरह कुल 62 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। नागवंशी ने कहा कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित