बहराइच , मार्च 7 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के पयागपुर क्षेत्र में सवर्ण आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सर्वेश पांडेय को शनिवार को उनके पैतृक आवास पर नजरबंद कर दिया गया। प्रशासन ने यह कार्रवाई दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित सवर्ण समाज की महापंचायत में उनके शामिल होने की संभावना को देखते हुए एहतियातन की है।
जानकारी के अनुसार पयागपुर के खुरथुआ स्थित उनके पैतृक निवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और घर के आसपास कड़ी निगरानी रखी जा रही है। किसी भी व्यक्ति को उनसे मिलने की अनुमति नहीं दी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संभावित तनाव से बचने के लिए यह कदम उठाया गया है।
बताया जा रहा है कि रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में सवर्ण समाज के विभिन्न मुद्दों को लेकर महापंचायत प्रस्तावित थी, जिसमें विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के शामिल होने की संभावना थी। इसी को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर यह कार्रवाई की।
सवर्ण आर्मी के पदाधिकारियों ने प्रशासन की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया है। इस संबंध में सर्वेश पांडेय ने कहा कि दिल्ली में आयोजित आंदोलन में शामिल होने के लिए रवाना होने से पहले ही पयागपुर पुलिस ने उच्चाधिकारियों के निर्देश पर उन्हें उनके आवास पर 'हाउस अरेस्ट' कर दिया।
उन्होंने कहा कि प्रशासन उन्हें नजरबंद या गिरफ्तार कर सकता है, लेकिन उनके विचारों और आंदोलन को नहीं रोक सकता। उनका कहना था कि यूजीसी के कथित तानाशाही कानूनों के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी और सरकार द्वारा इन्हें वापस लेने तक आंदोलन चलता रहेगा।
पयागपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई उच्चाधिकारियों के निर्देश पर की गई है। वहीं पुलिस क्षेत्राधिकारी हर्षिता तिवारी ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। फिलहाल पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित