सल्ट,30दिसंबर(वार्ता) उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के सल्ट-भिकियासैंण क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। भिकियासैंण-विनायक मार्ग पर द्वाराहाट से रामनगर की ओर जा रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और चीख-पुकार का माहौल बन गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस दर्दनाक दुर्घटना में 7 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। अल्मोड़ा जिला प्रशासन ने मौतों की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों में 4 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं। बस में कुल 19 यात्री सवार थे। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनमें से 2 यात्रियों को एयरलिफ्ट कर हायर सेंटर भेजा गया है।

हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य में पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोग जुट गए, घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इसी क्रम में चार घायलों को रामनगर लाया गया। इनमें से दो घायलों को परिजन निजी अस्पताल लेकर गए, जबकि दो घायल मरीजों को रामनगर के रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया,सरकारी अस्पताल में भर्ती घायलों में शिक्षक राकेश कुमार उर्फ राकेश धस्माना और द्वाराहाट क्षेत्र की ग्राम प्रधान नंदी देवी (ग्राम नौबाड़ा) शामिल हैं।

हादसे में घायल शिक्षक राकेश कुमार ने बताया कि वह छुट्टियों पर द्वाराहाट से देहरादून जा रहे थे,उन्होंने कहा कि वह मूल रूप से पौड़ी जिले के निवासी हैं और वर्तमान में जीआईसी द्वाराहाट में शिक्षक के पद पर तैनात हैं। राकेश धस्माना के अनुसार, हादसे के समय उन्हें अचानक कुछ समझ नहीं आया, लेकिन जब बस ढलान में लुढ़कने लगी तो उन्हें आभास हुआ कि कुछ गंभीर गड़बड़ हो गई है। उन्होंने बताया कि उन्होंने ड्राइवर सीट के पीछे लगी लोहे की पाइप को मजबूती से पकड़ लिया, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि, इसके बावजूद बस काफी नीचे तक लुढ़कती चली गई, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आईं और वे बेहोश हो गए। बाद में किसने उन्हें बाहर निकाला, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।

वहीं घायल ग्राम प्रधान नंदी देवी के साथ आई उनकी परिजन लक्ष्मी देवी ने बताया कि नंदी देवी ग्राम सभा नौबाड़ा से भिकियासैंण में आयोजित ग्राम प्रधानों की बैठक में जा रही थीं,लक्ष्मी देवी ने आशंका जताई कि हादसा बस के ब्रेक फेल या स्टेयरिंग खराब होने के कारण हुआ हो सकता है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों का कहना था कि बस का स्टेयरिंग टूट गया था, जिसके चलते वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया।

फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। जिला प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित