लखनऊ , फरवरी 27 -- उत्तर प्रदेश में सर्वाइकल (गर्भाशय) कैंसर की रोकथाम के लिए शनिवार से राज्य व्यापी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान शुरू किया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक लखनऊ में अभियान का शुभारंभ करेंगे। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय स्तर के टीकाकरण अभियान का हिस्सा है, जिसका शुभारंभ प्रधानमंत्री द्वारा अजमेर से किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, प्रदेश की लगभग 46 लाख किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 14 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी तथा 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियों को गार्डासिल-4 वैक्सीन की एकल डोज निःशुल्क दी जाएगी। यह टीका आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में उपलब्ध रहेगा।
किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) की स्त्री रोग कैंसर विशेषज्ञ डॉ. निशा सिंह के अनुसार सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में दूसरा सबसे आम कैंसर है, लेकिन यह एकमात्र ऐसा कैंसर है जिसकी रोकथाम टीकाकरण से संभव है। वही महानिदेशक परिवार कल्याण डॉ. एच.डी. अग्रवाल ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि टीकाकरण से पूर्व अभिभावक की सहमति और आयु प्रमाण आवश्यक होगा। लाभार्थियों का विवरण यू-विन पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित