बैतूल , फरवरी 11 -- केंद्रीय बजट 2026 को सर्वस्पर्शी, सर्वव्यापी और सर्वसमावेशी बताते हुए बैतूल जिला के प्रभारी मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने कहा कि यह बजट किसान, गरीब, महिला और युवा वर्ग को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। वे बुधवार को जिला भाजपा कार्यालय विजय भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

श्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट देश को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। युवाओं के लिए 15 हजार स्कूलों और 500 कॉलेजों में कंटेंट क्रिएटर लैब स्थापित की जाएंगी, जिससे एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट, गेमिंग और कॉमिक्स सेक्टर में लगभग 20 लाख युवाओं को प्रशिक्षण मिलेगा।

महिलाओं के लिए प्रत्येक जिले में गर्ल्स हॉस्टल बनाए जाने की घोषणा की गई है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं को उच्च शिक्षा, अनुसंधान और कौशल विकास के अवसर मिलेंगे। बिजनेस वुमन को बढ़ावा देने के लिए शी-मार्ट की स्थापना की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की पहचान रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म रही है और नारी शक्ति इस परिवर्तन का मजबूत आधार है।

उन्होंने बताया कि महिला सशक्तिकरण का रोडमैप सामाजिक न्याय से आगे बढ़कर आर्थिक भागीदारी, तकनीकी नेतृत्व और वैश्विक प्रतिस्पर्धा तक महिलाओं की भूमिका को सुदृढ़ करता है। युवाओं को स्किल इंडिया, डिजिटल स्किल्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और ग्रीन टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षित किया जा रहा है।

स्वास्थ्य क्षेत्र में कैंसर की 17 जीवनरक्षक दवाओं पर सीमा शुल्क शून्य या न्यूनतम किया गया है। जिला स्तर पर आयुष केंद्रों के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे मध्यमवर्गीय परिवारों को गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध हो सके। एमएसएमई ग्रोथ फंड के लिए 10 हजार करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जिससे युवा उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलेगा।

महिलाओं के लिए रोजगार सृजन हेतु 1.5 लाख देखभाल सेवा प्रदाताओं और लखपति दीदी योजना आधारित सामुदायिक स्व-सहायता समूह उद्यम स्थापित किए जाएंगे। वर्ष 2030 तक भारतीय काजू और कोको को प्रीमियम वैश्विक ब्रांड बनाने का लक्ष्य भी रखा गया है।

पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष सुधाकर पंवार, बजट प्रचार अभियान के जिला संयोजक कमलेश सिंह, जिला महामंत्री कृष्णा गायकी और जिला मीडिया प्रभारी सूर्यदीप त्रिवेदी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित