देवास , फरवरी 12 -- मध्यप्रदेश के देवास जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली इन दिनों तकनीकी गड़बड़ी के कारण अव्यवस्था की भेंट चढ़ गई है।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अन्तर्गत वर्गीकृत नागरिकों को मिलने वाला राशन बीते छह दिनों से नहीं मिल रहा है, इससे पूरे जिले के करीब तीन लाख लोग परेशान हैं।
खाद्य व नागरिक आपूर्ति विभाग के जिला अधिकारी दिनेश अहिरवार ने बताया कि सर्वर लगातार छह दिनों से डाउन होने की शिकायतें दुकान संचालक कर रहे हैं। इसका पूरा नियंत्रण भोपाल विभागीय मुख्यालय के पास है। उन्हें चार दिन पहले ही अवगत करवाया है, लेकिन अब तक कोई सुधार नहीं हुआ है।
देवास जिला मुख्यालय पर 53 शासकीय दुकानों के जरिए करीब 45 हजार उपभोक्ताओं को तथा जिले के अन्य क्षेत्रों में 588 दुकानों से करीब ढाई लाख नागरिकों को राशन वितरित किया जाता है। इन दिनों जरूरत मंद नागरिक दुकानों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन मुख्यालय ना कोई जवाब दे रहा है, न ही कोई सुधार हो रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित