धार , फरवरी 12 -- जिले में तकनीकी खराबी के कारण सार्वजनिक वितरण प्रणाली का राशन पांच दिनों से वितरित नहीं हो पा रहा है, जिससे करीब साढ़े तीन लाख गरीब और जरूरतमंद हितग्राही प्रभावित हैं।

जानकारी के अनुसार राशन वितरण में पारदर्शिता के लिए ऑनलाइन सॉफ्टवेयर और पीओएस मशीनों के माध्यम से व्यवस्था लागू की गई थी। इस माह तय समय पर वितरण शुरू भी हुआ और लगभग 30 हजार हितग्राहियों को राशन दिया गया, लेकिन इसके बाद सर्वर और पीओएस मशीन में तकनीकी खराबी आने से वितरण रुक गया। उपभोक्ता प्रतिदिन राशन दुकानों पर पहुंच रहे हैं, किंतु उन्हें बिना राशन लौटना पड़ रहा है।

जिले में 838 उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से लगभग तीन लाख 70 हजार उपभोक्ताओं को प्रतिमाह गेहूं, चावल सहित अन्य खाद्यान्न सामग्री वितरित की जाती है। ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 32 हजार हितग्राहियों को राशन देने के बाद वितरण पूरी तरह बंद हो गया। इससे हजारों परिवारों की दैनिक जरूरतों पर असर पड़ा है।

उपभोक्ताओं को असुविधा से बचाने के लिए दुकानों के बाहर सूचना चस्पा कर सर्वर समस्या के कारण वितरण बंद होने की जानकारी दी गई है। जिला आपूर्ति अधिकारी श्रीराम बरडे ने बताया कि पीओएस मशीन बंद होने की सूचना वरिष्ठ कार्यालय को भेज दी गई है। सर्वर शीघ्र शुरू होने की उम्मीद है।

इधर मनावर विधायक डॉ. हीरालाल अलावा ने स्थिति पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मांग की है कि तकनीकी समस्या के समाधान तक राशन वितरण की वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि गरीब परिवारों को परेशानी न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित