भरतपुर, 26 मार्च (वार्ता) राजस्थान में भरतपुर के नदबई कस्बे में बुधवार शाम एक सर्राफा व्यापारी की बदमाशों द्वारा गोली मारकर हत्या के बाद लाखों रुपये की कीमत के गहने लूट कर ले जाने के मामले में गुरुवार को कस्बे में तनावपूर्ण स्थिति है।
वारदात के बाद शहर में व्यापारियों के साथ आमजन का गुस्सा फूट पड़ा है। इस घटना के विरोध में नदबई का पूरा बाजार बंद है। व्यापारी संगठनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है, जिसमें मृतक सर्राफा व्यापारी योगेंद्र चाेपड़ा की पत्नी को सरकारी नौकरी एवं पुत्र को एमबीबीएस में प्रवेश दिलाने की मांग रखी गयी।
लोगों ने आरोपियों को पकड़ने के लिये पुलिस को 72 घंटे की चेतावनी दी है। आक्रोशित लोगोंं ने पुलिस एवं प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान भारी भीड़ हुई। कस्बे में तनावके मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
उल्लेखनीय है कि बुधवार शाम बेखौफ बदमाशों ने 45 वर्षीय सर्राफा व्यापारी योगेंद्र चोपड़ा की गले में गोली मारकर हत्या कर दी और लाखों रुपये की कीमत के जेवरात से भरा बैग लूटकर फरार हो गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित