अलवर , दिसम्बर 26 -- राजस्थान में अलवर के सरिस्का बाघ अभयारण्य में शीतकालीन अवकाश शुरु होते ही पर्यटकों की संख्या बढ़ गई है। एक अनुमान के अनुसार रोजाना करीब 1500 से अधिक पर्यटक सरिस्का पहुंच रहे हैं। आसपास के होटल और सफारी भर गये हैं। ज्यादातर बुकिंग ऑनलाइन है, लेकिन ऑफलाइन के द्वारा भी पर्यटकों को सरिस्का भ्रमण कराया जा रहा है । पर्यटकों को कोई परेशानी नहीं हो इसके लिए सरिस्का प्रशासन ने आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।

वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि सरिस्का में ऐसा पहली बार है जो सर्दियों की छुट्टियों में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है क्योंकि सरिस्का में दो महीने से बाघों की आवाजाही हो रही है जिससे पर्यटक खुश नजर आ रहे हैं। सरिस्का में दो पारियों में पर्यटकों को घुमाया जाता है और अमूमन दोनों ही पारियों में पर्यटकों को बाघ सहित अन्य वन्य जीव दिखाई दे रहे हैं । पर्यटकों की लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए सरिस्का प्रशासन ने टिकट काउंटर की संख्या बढ़ाई है जिससे पर्यटकों को ज्यादा परेशानी नहीं हो। साथ ही कैंटर और जिप्सी को पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देश दिये गये हैं ।पर्यटकों की बढ़ती संख्या के कारण सरिस्का और आसपास के होटल और रिसॉर्ट भी भर गये हैं। गुरुवार की शाम को जारी आंकड़ों के अनुसार दोनों पारियों में 49 विदेशी पर्यटक सहित 1156 पर्यटकों ने सफारी का आनंद लिया ।

पर्यटकों के लिए सरिस्का में दो द्वारों टहला और मुख्य द्वार हैं। सरिस्का द्वार से दोनों पारियों में जहां 942 भारतीय पर्यटक और 32 विदेशी पर्यटक आए, वहीं टहला द्वार से 265 भारतीय 17 विदेशी पर्यटक सरिस्का भ्रमण के लिए आए । इस दौरान पर्यटक बाघों को देखकर रोमांचित भी नजर आए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित