अलवर , दिसम्बर 27 -- राजस्थान में अलवर जिले के सरिस्का बाघ अभयारण्य के पांडुपोल मंदिर जाने वाले रास्ते के समीप सिलोबका में शनिवार को सुबह सफारी के दौरान ताकतवर बाघ एसटी-25 को देखकर पर्यटक रोमांचित हो गये।

वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि ताकतवर बाघ एसटी- 25 एसटी 12 का शावक है, जो अब वयस्क हो चुका है। सुबह सफारी के दौरान वह जंगल में घूमता दिखाई दिया। उसका काफी देर तक सफारी करने आये पर्यटकों ने दीदार किया। इससे पर्यटक उत्साहित नजर आये।

नव वर्ष के आगमन से पहले ही सरिस्का में अब पर्यटकों की संख्या बढ़ने लगी है। सुबह और शाम की सफारी के दौरान पर्यटकों को बाघ बाघिन के दीदार हो रहे हैं। नये वर्ष से पहले एक दिन में करीब एक हजार से अधिक पर्यटक सफारी करने सरिस्का पहुंच रहे हैं। इसकी वजह सरिस्का में बाघों का कुनबा बढ़ना है। इससे यहां आने पर पर्यटकों को निराश नहीं होना पड़ रहा है। उन्हें लगातार बाघ बाघिन विचरण करते नजर आ रहे हैं।

इस समय सरिस्का में बाघिन एसटी- 9, एसटी- 2304, एसटी- 25 और एसटी-21 लगातार नजर आ रहे हैं। इसकी जानकारी देश के साथ ही विदेशों में पहुंच चुकी है। इसके कारण इन दिनों विदेशी पर्यटक भी सरिस्का पहुंच रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित