अलवर , दिसम्बर 28 -- राजस्थान में अलवर जिले के सरिस्का बाघ अभयारण्य में रविवार को बाघिन एसटी-9 के नजदीकी से दीदार होने से पर्यटकों के चेहरे खिल गये।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सफारी के दौरान बाघिन एक पेड़ के नीचे शांत भाव से बैठी थी। इस पर पर्यटकों की गाड़ियां बाघिन को घेर कर खड़ी हो गईं। वह कुछ देर तक पर्यटकों को निहारती रही। इस रोमांचक नज़ारे को देख पर्यटक उत्साहित हो उठे और अपने-अपने मोबाइल फोन में बाघिन की वीडियो रिकॉर्ड करते नजर आए । कुछ समय बाद बाघिन वहां से उठकर जंगल की ओर चली गई। इस दृश्य को देखकर दिल्ली और गुरुग्राम से आए पर्यटक खासे रोमांचित नजर आए। मौके पर देशी और विदेशी पर्यटक भी मौजूद थे।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सरिस्का में आज एक साथ करीब 500 पर्यटकों ने बाघिन एसटी-9 को देखा, जिससे सफारी का यह पल बेहद यादगार बन गया।

यह रोमांचक दृश्य सरिस्का ज़ोन-एक के शुक्रानी क्षेत्र में सफारी की पहली पारी के दौरान देखने को मिला।

सरिस्का में नव वर्ष तक पूर्ण सफारी चलाई जा रही है। अधिक से अधिक पर्यटकों को सफारी का अवसर देने के लिए वन प्रशासन द्वारा अतिरिक्त गाड़ियों की व्यवस्था की गई है, इसके बावजूद सफारी की सभी पारियां पूरी तरह फुल चल रही हैं। इस सत्र में बाघिन एसटी-9 और बाघ एसटी-2304 के लगातार दिखने से सरिस्का में पर्यटकों का उत्साह चरम पर है और बड़ी संख्या में सैलानी यहां पहुंच रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित