अलवर , दिसम्बर 20 -- राजस्थान में अलवर जिले के सरिस्का बाघ अभयारण्य में काला कुआं क्षेत्र में शनिवार को सफारी के दौरान बाघिन एसटी-9 को विचरण करते देखकर सैलानी गदगद हो गये।

सरिस्का में दिल्ली और गुड़गांव से आये करीब 200 पर्यटक 10 जिप्सियों और कैंटराें में सवार होकर सफारी पर निकले थे। इस दौरान बाघिन एसटी-9 पर्यटकों को बेहद करीब से दिखाई दी, जिसे देखकर सभी रोमांचित हो उठे। पर्यटकों ने अपने मोबाइल फोन में बाघिन का वीडियो भी रिकॉर्ड किया। बाघिन कुछ समय के लिए जिप्सी के काफी पास आ गयी। चालक ने एहतियातन जिप्सी को थोड़ा पीछे किया, तो बाघिन ट्रैक पर आने के बजाय जंगल की ओर चली गयी।

बाघिन एस-9 इस सत्र में लगातार नजर आ रही है। वह कभी बाघ सेंट -2304 के साथ नजर आ रही है, तो कभी अकेले ही सफारी पर आए पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित