फरीदकोट , मई 07 -- पंजाब के कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने गुरुवार को राजस्थान फीडर नहर में चल रहे रीलाइनिंग कार्य की समीक्षा की और अधिकारियों को परियोजना समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

श्री गोयल ने कहा कि यह नहर पंजाब के कई गांवों और शहरों से होकर गुजरती है और लगभग छह दशक पुरानी संरचना होने के कारण इसकी लाइनिंग काफी खराब हो चुकी थी। राजस्थान फीडर और सरहिंद फीडर नहरों के साझा किनारों में अतीत में कई बार टूट-फूट हुई, जिससे आसपास के क्षेत्रों को लगातार खतरा बना रहता था। इसी नुकसान को रोकने के लिए रीलाइनिंग कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरहिंद फीडर नहर के पुनर्निर्माण का कार्य 800 करोड़ रुपये की लागत से पूरा हो चुका है। राजस्थान फीडर नहर की रीलाइनिंग पूरी होने के बाद दोनों नहरों के किनारे बसे गांवों और शहरी क्षेत्रों को जान-माल के नुकसान से बचाया जा सकेगा। इससे कृषि भूमि तक नहरी पानी की आपूर्ति भी बेहतर होगी।

उन्होंने कहा कि सामाजिक संगठनों और फरीदकोट के किसानों की मांग को ध्यान में रखते हुए फरीदकोट शहर के पास राजस्थान फीडर के 12.50 किलोमीटर हिस्से में कंक्रीट की बजाय ईंटों की लाइनिंग की जा रही है, ताकि भूजल रिचार्ज में मदद मिल सके। उन्होंने कहा कि रीलाइनिंग कार्य पूरा होने के बाद नहर अपनी पूर्ण डिजाइन क्षमता से चलेगी और राजस्थान को उसके निर्धारित हिस्से के अनुसार पानी मिलेगा। यह परियोजना सिंचाई नेटवर्क को मजबूत करने के साथ-साथ जन सुरक्षा और भूजल संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाएगी।

उन्होंने बताया कि राजस्थान फीडर नहर के 80 किलोमीटर हिस्से की रीलाइनिंग वर्ष 2023 तक पूरी कर ली गई थी, लेकिन नहर बंद न होने के कारण शेष कार्य नहीं हो सका। अब वर्ष 2026 की नहर बंदी अवधि के दौरान बाकी बचे 16.62 किलोमीटर हिस्से की रीलाइनिंग लगभग 170 करोड़ रुपये की लागत से युद्ध स्तर पर की जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि पंजाब सरकार ने भूजल संरक्षण योजनाओं पर लगभग 6700 करोड़ रुपये खर्च किए हैं, जिसके चलते सिंचाई में नहरी पानी का उपयोग 26 प्रतिशत से बढ़कर 78 प्रतिशत हो गया है। अब नहरी पानी खेतों के अंतिम छोर तक पहुंच रहा है और किसान इसका लाभ उठा रहे हैं।

फरीदकोट के विधायक गुरदित्त सिंह सेखों ने इस बड़ी परियोजना को मंजूरी देने के लिए बरिंदर कुमार गोयल और पंजाब सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि उनकी मांग पर नहर तल में कंक्रीट की जगह ईंटों की लाइनिंग को मंजूरी दी गई। इससे क्षेत्र में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान मिलेगा।

इस अवसर पर मार्केट कमेटी फरीदकोट के चेयरमैन अमनदीप सिंह बाबा, एसडीएम फरीदकोट पुनीत शर्मा, मुख्य अभियंता नहरें शेर सिंह, सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर फिरोजपुर नहर मंडल संदीप गोयल और एक्सईएन रमनप्रीत सिंह मान सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित