पटना , जनवरी 16 -- सरस्वती पूजा के अवसर पर विधि- व्यवस्था संधारण, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर शुक्रवार को पटना के जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम और वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा ने प्रशासनिक तैयारियों की अनुमंडलवार गहन समीक्षा की।
समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पूजा के दौरान सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ सार्थक समन्वय और सुदृढ़ संवाद कायम रखा जाये। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को लगातार सक्रिय रखने, किसी भी तरह की अफवाह का त्वरित खंडन करने और पूर्व की घटनाओं में शामिल लोगों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि भीड़ की गतिविधियों पर सीसीटीवी कैमरा, वीडियो कैमरा और ड्रोन के माध्यम से कड़ी निगरानी रखी जाये। पूजा पंडालों, विसर्जन मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया। साथ ही यातायात प्रबंधन को सुचारु रखने के लिये वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था और स्पष्ट संकेतक लगाने को कहा गया।
प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। किसी भी प्रकार की संदेहास्पद सूचना जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या- 0612-2219810 / 0612-2219234 अथवा डायल- 112 पर तुरंत देने का आग्रह किया गया है। जिला स्तर से प्राप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरस्वती पूजा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित