मुरैना , दिसंबर 14 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के चिन्नोनी थाना क्षेत्र में सरसों की पिराई के दौरान हुए हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। स्पेलर मशीन में हाथ फंसने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार हादसा चिन्नोनी थाना क्षेत्र के ग्राम चिन्नोनी का है। गांव निवासी रामोतार गौड़ सरसों की पिराई कर तेल निकालने का कार्य करता है। शनिवार को उसका पुत्र आशीष गौड़ स्पेलर मशीन पर काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका हाथ मशीन में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल आशीष को पहले उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे कैलारस के शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित