बहराइच , नवंबर 16 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच में सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर एक भव्य पदयात्रा का आयोजन किया गया।

पद यात्रा पूर्व जिलाध्यक्ष संचित सिंह के प्रतिष्ठान से प्रारंभ होकर हुजूरपुर के हनुमान मंदिर पर संपन्न हुई। पदयात्रा का नेतृत्व प्रदेश मंत्री भाजपा शिव भूषण सिंह और विधायक पयागपुर श्री सुभाष त्रिपाठी ने किया।

पदयात्रा में लगभग आठ किलोमीटर की लंबाई तय की गई जिसमें विधान सभा पयागपुर अंतर्गत हुजूर ब्लॉक के विभिन्न स्थानों से होते हुए यात्रा हनुमान मंदिर पहुँची। यात्रा के दौरान 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' और 'भारत माता की जय' के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। इस दौरान यात्रा का कई स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया।

पदयात्रा में शामिल जनप्रतिनिधियों में ब्लॉक प्रमुख अजीत प्रताप सिंह, प्रदेश कार्य समिति किसान मोर्चा के सदस्य सुरेश प्रताप सिंह चौहान, जिला उपाध्यक्ष उमा शंकर तिवारी, ब्लॉक प्रमुख समय प्रसाद मिश्रा, विधानसभा संयोजक निशंक त्रिपाठी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सच्चिदान्नद पाठक, जिला मंत्री हरेन्द्र विक्रम सिंह, पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. महेन्द्र पाठक, प्रभारी पयागपुर कमलेश सिंह, जिला उपाध्यक्ष किसान मोर्चा सत्य प्रकाश सत्या, तथा विभिन्न मंडल अध्यक्ष शामिल थे।

पदयात्रा में हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम न केवल सरदार पटेल की जयंती का सम्मान था, बल्कि एकता और सद्भावना का प्रतीक भी बना।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित