सरगुजा , जनवरी 22 -- सरगुजा जिला प्रशासन की एक विशेष टीम ने स्थानीय भाजपा नेता एवं अधिवक्ता सुनील गुप्ता के निवास से अवैध रूप से भंडारित 400 से अधिक धआन की बोरियों को जब्त किया है। जब्त धान की अनुमानित कीमत पांच लाख रुपये से अधिक है।

इस मामले की नायब तहसीलदार सीतापुर तुषार मानिक ने इस कार्रवाई की पुष्टि की है। आरोपी सुनील गुप्ता छापामार टीम को धमकाते एवं चेतावनी देते हुए कैमरे पर रेकॉर्ड हुए हैं।

जिला प्रशासन के अधिकारियों से गुरुवार को मिली जानकारी के अनुसार, प्रशासनिक टीम को बुधवार देर रात भाजपा नेता के यहां ट्रक से अवैध धान पहुंचने की सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर टीम ने छापेमारी की। आरोपी सुनील गुप्ता के रसूख को देखते हुए जिला प्रशासन ने छापेमारी की टीम में एक कैमरामैन को रखा था जिस पर पुरी कार्रवाई को रेकॉर्ड करने की जिम्मेदारी थी। आरोपी नेता जी धमकाते और चेतावनी देते हुए रेकॉर्ड हुए हैं।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार श्री गुप्ता सत्तारुढ़ दल के एक विधायक के करीबी हैं। प्रशासन ने जब्त धान को अपने अधिकार में ले लिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। आरोपी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है और भंडारण के पीछे के संगठित नेटवर्क की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित