अम्बिकापुर , अप्रैल 29 -- भारत सरकार द्वारा गणतंत्र दिवस 2027 के अवसर पर प्रदान किए जाने वाले प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों-पद्म विभूषण, पद्म भूषण एवं पद्म श्री के लिए नामांकन प्रक्रिया 15 मार्च 2026 से आधिकारिक पोर्टल पर प्रारंभ हो गई है। इच्छुक व्यक्तियों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2027 निर्धारित की गई है।

कार्यालय आयुक्त, सरगुजा संभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन पुरस्कारों के माध्यम से देश के सुदूर वनांचल, ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में कार्यरत ऐसे 'अनसुने नायकों' को सम्मानित किया जाएगा, जो समाज सेवा, कला, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं।

संभाग के सभी जिलों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में प्रेरणादायी व्यक्तित्वों की पहचान कर उनका नामांकन सुनिश्चित करें। साथ ही, नामांकन के साथ संलग्न किए जाने वाले विवरण को स्पष्ट, तथ्यात्मक एवं प्रभावशाली बनाने पर विशेष जोर दिया गया है।

आयुक्त, सरगुजा संभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास के समाजसेवियों एवं प्रतिभाशाली व्यक्तियों को पद्म पुरस्कार हेतु आवेदन के लिए प्रोत्साहित करें। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संपन्न की जाएगी, जिसमें संबंधित जिला कलेक्टर एवं जिला सूचना विज्ञान अधिकारी द्वारा आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।

नामांकन प्रक्रिया से संबंधित किसी भी समस्या के लिए आवेदक कार्यालय आयुक्त, सरगुजा संभाग के दूरभाष पर संपर्क कर सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित