सरगुजा , दिसंबर 04 -- छत्तीसगढ़ के सीतापुर थाना क्षेत्र में हुए मारपीट मामले में सरगुजा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कार और मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

यह घटना गत एक दिसंबर की है, जब प्रार्थी निहाल खलखो निवासी उरांवपारा सीतापुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि पिछले दिन हुए मामूली विवाद का बदला लेने की नीयत से कुछ लोगों ने लाठी, डंडा और लोहे की वस्तुओं से हमला कर घायल कर दिया था, इस हमले से गुस्साए स्थानीय आदिवासियों ने आरोपियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर एक दिसम्बर की रात और दो दिसंबर की सुबह साढ़े तीन घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग 30 को बाधित किया था, स्थानीय विधायक रामकुमार टोप्पो ने भी सड़क जाम कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। पुलिस ने तनाव के हालात देखकर दोनों पक्षों के खिलाफ एफआईआर लिखी थी, बाद में मामले की विवेचना के बाद पुलिस ने माना कि उरांव पारा के लोग पीड़ित पक्ष हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित