सरगुजा , जनवरी 16 -- छत्तीसगढ़ की सरगुजा पुलिस ने एक युवती के अपहरण के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए घटना के महज 24 घंटों के भीतर चार अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार थाना गांधीनगर क्षेत्र में 15 जनवरी की शाम एक युवती को जबरन कार में बैठाकर ले जाया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल ने तत्काल नाकाबंदी के निर्देश दिए, जिसके बाद सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की मदद से आरोपियों का सुराग मिला।
जांच में पता चला कि अपहरणकर्ता मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के निवासी हैं और वे युवती को लेकर भागने की कोशिश कर रहे थे। सरगुजा पुलिस की सूचना पर थाना मनेन्द्रगढ़ की टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोका और युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी रामप्रसाद तंवर (32) ने स्वीकार किया कि वह शादीशुदा होने के बावजूद युवती से शादी करना चाहता था। जब युवती ने उसका प्रस्ताव ठुकरा दिया, तो उसने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित