अंबिकापुर , फरवरी 11 -- छत्तीसगढ़ में सरगुजा जिला पंचायत ने ई-गवर्नेंस को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए द्विभाषी (हिंदी एवं अंग्रेजी) ऑनलाइन डैशबोर्ड के डिजाइन, विकास, होस्टिंग और अनुरक्षण के लिए अभिरुचि अभिव्यक्ति (ईओआई) आमंत्रित की है। यह डैशबोर्ड प्रशासनिक कार्यों को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाने के साथ ही नागरिकों को सरकारी योजनाओं और व्यय की जानकारी सहजता से उपलब्ध कराएगा।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार अग्रवाल ने बुधवार को बताया कि चयनित एजेंसी 'एप्लीकेशन डिजाइन, होस्टिंग एवं मेंटेनेंस एजेंसी' के रूप में कार्य करेगी। एजेंसी को एक आधुनिक, उपयोगकर्ता-अनुकूल एवं तकनीकी रूप से उन्नत डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित करना होगा। इस डैशबोर्ड के माध्यम से पंचायत के बजट, व्यय एवं विकास कार्यों की प्रगति को आम नागरिक भी सरल भाषा और रचनात्मक डिजाइन के जरिये समझ सकेंगे। अग्रवाल ने बताया कि प्रस्तावित डैशबोर्ड केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं होगा, बल्कि इसे रचनात्मक और सरल ढंग से डिजाइन किया जाएगा।
प्राप्त प्रस्तावों का मूल्यांकन तकनीकी और वित्तीय दो चरणों में किया जाएगा। तकनीकी मूल्यांकन 100 अंकों का होगा, जिसमें न्यूनतम 80 अंक प्राप्त करना अनिवार्य है। तकनीकी मूल्यांकन में पारित एजेंसियों के वित्तीय प्रस्ताव ही खोले जाएंगे। मूल्यांकन के दौरान संगठन की पृष्ठभूमि, सरकारी परियोजनाओं का अनुभव, प्रस्तावित स्टाफ की योग्यता, कार्य योजना एवं समयबद्धता को प्रमुखता से देखा जाएगा। चयन प्रक्रिया में तकनीकी गुणवत्ता, नवाचार और रचनात्मकता को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।
ईओआई आवेदन के साथ एक हजार रुपये का दस्तावेज शुल्क अनिवार्य रूप से जमा करना होगा। केवल 'स्टार्टअप इंडिया' में पंजीकृत तथा कम से कम दो सरकारी परियोजनाओं का अनुभव रखने वाली संस्थाएं ही आवेदन कर सकती हैं। चयनित एजेंसी के पास उच्च स्तरीय एवं क्रिएटिव एप्लिकेशन विकसित करने का अनुभव, क्लाउड आधारित एप्लिकेशन डिजाइन, होस्टिंग एवं अनुरक्षण में विशेषज्ञता होना आवश्यक है। साथ ही उपयोगकर्ता की आवश्यकताओं को समझने वाली सक्षम संपादकीय टीम भी अनिवार्य होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित