चंडीगढ़ , दिसंबर 05 -- हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि राज्य सरकार ने विकास और रोजगार के लिए बेहतर माहौल बनाया है। उन्होंने कहा कि पहले खर्ची-पर्ची की वजह से बच्चों का पढ़ाई से मोहभंग होता था लेकिन वर्तमान सरकार ने इस व्यवस्था को समाप्त कर मेरिट के आधार पर पारदर्शी भर्ती प्रणाली लागू की है। आज बच्चे पढ़ाई और खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
शिक्षा मंत्री भिवानी में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। बैठक में कुल 14 परिवाद रखे गए, जिनमें से नौ का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नागरिकों की शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान किया जाए और समिति की बैठकों में आने वाले परिवादों पर पूरी गंभीरता से ध्यान दिया जाए।
श्री ढांडा ने कहा कि शिक्षा विभाग में निरंतर सुधार किए जा रहे हैं, जिसके चलते सरकारी स्कूलों के परिणामों में रिकॉर्ड सुधार देखने को मिला है। अधिकांश पुराने स्कूल भवनों का नवीनीकरण किया जा चुका है और जहां भवन जर्जर अवस्था में हैं उनकी रिपोर्ट तुरंत भेजने को कहा गया है। स्कूलों में बिजली पानी और शौचालय जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं।
ट्रांसफर पॉलिसी को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि निर्देश जारी किए हैं कि एक अप्रैल तक तबादला एवं पोस्टिंग की पूरी प्रक्रिया पूरी कर ली जाए ताकि नए शिक्षा सत्र की पढ़ाई प्रभावित न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित