जयपुर , जनवरी 28 -- राजस्थान के संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा है कि राज्य सरकार के कार्यों एवं उपलब्धियों का विपक्ष के पास कोई तथ्यात्मक जवाब नहीं है।

श्री पटेल बुधवार को सोलहवीं विधानसभा के पंचम एवं बजट सत्र के पहले दिन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद मीडिया से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आमजन के समक्ष रखे गये विकास संबंधी तथ्यों का आज दिन तक विपक्ष के किसी भी दल द्वारा कोई तथ्यात्मक खंडन प्रस्तुत नहीं किया गया है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए पारदर्शी एवं जवाबदेह शासन प्रणाली स्थापित की है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान रोजगार सृजन, राइजिंग राजस्थान समिट, किसानों के हितों के संरक्षण, युवाओं के कल्याण, मातृशक्ति के सशक्तिकरण, पेयजल एवं ऊर्जा क्षेत्र में सुधार सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास के नये आयाम स्थापित किये गये हैं। उन्होंने कहा कि ये कार्य पिछले लंबे समय तक सत्ता में रही पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में अटके रहे।

श्री पटेल ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के समय बजट में केवल घोषणाएं की जाती थी, उनकी प्रभावी क्रियान्विति नहीं हो पाती थी। घोषणा पत्र को धरातल पर उतारने की कोई मंशा नहीं होती थी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने बजट घोषणाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए भूमि आवंटन, वित्तीय स्वीकृतियों एवं विभिन्न विकास परियोजनाओं का कार्य पूरा किया है। उन्होंने बताया कि संकल्प पत्र के लगभग 70 प्रतिशत से अधिक वादों को भाजपा सरकार पूरा कर चुकी है। शेष संकल्पों को भी शीघ्र ही पूर्ण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप विकास के मुद्दों, बजट एवं विभिन्न मांगों पर गंभीर चर्चा, सुझाव एवं रचनात्मक आलोचना का मंच है। विपक्ष लोकतंत्र का महत्वपूर्ण अंग है और सरकार विपक्ष से सकारात्मक सुझावों का स्वागत करती है। राज्य सरकार प्रदेश के विकास को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है और आगामी बजट भी जनकल्याणकारी एवं विकासोन्मुखी होगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्य के रूप में उभर रहा है। विभिन्न योजनाओं में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने के साथ ही राजस्थान देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लिए यह ऐतिहासिक उपलब्धि है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित