चंडीगढ़ , फरवरी 27 -- हरियाणा के ऊर्जा परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा है कि प्रशासन की गति फाइलों की गति से तय होती है और यदि फाइलें रुकती हैं, तो सरकार के काम रुक जाते हैं।

श्री विज ने कहा कि उन्होंने अपने विभागों को स्पष्ट निर्देश दिये हैं कि कोई भी फाइल अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहनी चाहिए।

अंबाला छावनी स्थित अपने आवास पर उन्होंने वरिष्ठ सचिव विजय शर्मा के साथ विभागीय फाइलों का निस्तारण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनके विभाग की कोई भी फाइल किसी भी हालत में पेंडिंग नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मामलों में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समयबद्ध निपटान उनकी प्राथमिकता है।

उन्होंने अधिकारियों को ऊर्जा परिवहन और श्रम विभागों में तेज निर्णय प्रक्रिया पारदर्शिता और परिणाम पर फोकस करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालय जनता की सेवा के लिए हैं न कि प्रक्रियाओं में उलझकर काम को टालने के लिए। ऊर्जा परिवहन और श्रम विभाग सीधे आम नागरिकों से जुड़े हैं, इसलिए फाइलों में देरी का असर सेवाओं और योजनाओं पर पड़ता है। उन्होंने बताया कि तकनीक के उपयोग से फाइल निस्तारण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी व पारदर्शी बनाया जा रहा है।

श्री विज ने कहा कि ई-ऑफिस और डिजिटल ट्रैकिंग से फाइलों की स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है, ताकि अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने कहा कि समयबद्ध निर्णय, स्पष्ट निर्देश और परिणाम पर केंद्रित कार्यशैली सरकार की कार्यकुशलता और सुशासन के संकल्प को दर्शाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित