नयी दिल्ली , जनवरी 29 -- सरकार ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत शिक्षा में व्यापक सुधार करते हुये वर्ष 2030 तक स्कूलों में शत-प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य रखा है।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में गुरुवार को पेश किये गये आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के अनुसार एनईपी के तहत देश की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक स्तर पर संरचनात्मक सुधार किए गए हैं। स्कूल शिक्षा में 2030 तक 100 प्रतिशत सकल नामांकन अनुपात (जीईआर) हासिल करने का लक्ष्य रखा गया है। फिलहाल देश में 14.7 लाख स्कूलों में करीब 24.69 करोड़ छात्र नामांकित हैं।

सर्वेक्षण के अनुसार उच्च शिक्षा के स्तर पर भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उच्च शिक्षा संस्थानों की संख्या 2014-15 में 51534 से बढ़कर जून 2025 तक 70018 हो गयी है जिससे शिक्षा तक पहुंच में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। यह वृद्धि विश्वविद्यालयों और कालेजों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि के कारण हुयी है। वर्ष 2014-15 और 2024-25 के बीच प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थानों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुयी है और अब यह संख्या 23 आईआईटी, 21 आईआईएम और 20 एम्स तक पहुंच गयी है। इसके साथ ही जांजीबार और अबू धाबी में दो अंतराष्ट्रीय आईआईटी परिसरों की स्थापना भी हुयी है।

अखिल भारतीय उच्च शिक्षा सर्वेक्षण (एआईएसएचई) 2022-23 के अनुसार छात्र नामांकन वर्ष 2021-22 में 4.33 करोड़ से बढकर 2022-23 में 4.46 करोड़ हो गया है।

एनईपी के तहत उच्च शिक्षा प्रणाली में कई सुधार किये गये हैं। अकादमिक और कौशल आधारित शिक्षा को एकीकृत करने के उद्देश्य से तैयार किये गये राष्ट्रीय ऋण ढांचे को 170 विश्वविद्यालयों ने अपनाया है। एकेडमिक बैंक आफ क्रेडिट 2660 संस्थानों को शामिल किया गया है जिसमें 4.6 करोड़ से अधिक आईडी जारी की गयी है जिनमें 2.2 करोड़ सक्रिय स्वचालित स्थायी शैक्षणिक खाता रजिस्ट्री (अपार) सहित आईडी जनरेट की गयी है। देश भर की विश्वविद्यालयों महाविद्यालयों और अनुसंधान संस्थानों में मजबूत अनुसंधान एवं विकास क्षमता का निर्माण करने और अनुसंधान उन्मुख संस्कृति को बढावा देने के लिए एनईपी के लक्ष्य को अनुसंधान राष्ट्रीय अनुसंधान फाउंडेशन की स्थापना की साथ शुरू किया गया है।

तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए एनईपी के लक्ष्य को 175 इंजीनियरिंग काॅलेज और 100 पाॅलिटेक्निक सहित 275 तकनीकी संस्थानों के लिए आवश्यक बहुविषयक शिक्षा और तकनीकी शिक्षा में अनुसंधान सुधार योजना है।

एनईपी का लक्ष्य भारतीय शिक्षा प्रणाली को आत्मनिर्भर बनाना और वैश्विक मानकों के अनरुप बनाकर उच्च शिक्षा का अंतरराष्ट्रीयकरण करना है ताकि अधिक से अधिक विदेशी विद्यार्थियों को आकर्षिक किया जा सके और भारतीय विद्यार्थियों के विदेश पलायन को कम किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित