, Jan. 24 -- हरिद्वार 24 जनवरी (वाता्र) उत्तराखंड में हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र से वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। गोवर्धनपुर वन चौकी क्षेत्र अंतर्गत खानपुर में सरकारी भूमि पर खड़े पेड़ों के अवैध कटान का आरोप वन विभाग के ही कर्मचारियों पर लगा है।

स्थानीय किसानों एवं शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि सरकारी भूमि पर खड़े करीब आठ पेड़ों को वन विभाग के कर्मचारियों की कथित मिलीभगत से काटा गया। इनमें सात यूकेलिप्टस और एक सिरस का पेड़ शामिल बताया जा रहा है। आरोप यह भी है कि कटान के बाद लकड़ी को ट्रैक्टर में भरकर वन विभाग के कर्मचारी अपने साथ ले गए।

मामले की सूचना मिलने पर आज वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र गिरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि स्थल निरीक्षण के दौरान सात यूकेलिप्टस और एक सिरस के पेड़ कटे हुए पाए गए हैं। पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है और यदि किसी कर्मचारी की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि गोवर्धनपुर वन चौकी क्षेत्र में यह पहला मामला नहीं है। इससे पूर्व भी खैर और शीशम जैसे हरे-भरे पेड़ों के अवैध कटान को लेकर वन विभाग के कर्मचारियों पर आरोप लगते रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।

इस ताजा घटना ने एक बार फिर वन विभाग की कार्यप्रणाली और संभावित भ्रष्टाचार पर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। अब यह देखना अहम होगा कि जांच के बाद दोषियों पर वास्तविक कार्रवाई होती है या फिर सरकारी संपत्ति के नुकसान का यह सिलसिला ऐसे ही जारी रहता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित