बहराइच , दिसंबर 28 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच के नानपारा तहसील क्षेत्र में आज सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। ग्राम दुविधापुर स्थित गाटा संख्या 136, जिसका रकबा 0.008 हे. और जो कि राजस्व अभिलेखों में खलिहान के नाम दर्ज है, तथा ग्राम इमामनगर गोधरहवा में गाटा संख्या 115, जिसका रकबा 0.004 हे. और जो खाद के गड्ढे के रूप में दर्ज है, पर लंबे समय से सीताराम पुत्र बदल और छीटन पुत्र रामखेलावन ने पक्का निर्माण कर रखा था।

उप जिलाधिकारी नानपारा मोनालिसा जौहरी के निर्देश पर नायब तहसीलदार नबाबगंज अक्षय पांडेय, संबंधित राजस्व निरीक्षक, और क्षेत्रीय लेखपाल ने जेसीबी मशीन के माध्यम से इन पक्के संरचनाओं को नियमों के तहत ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के बाद अवैध कब्जेदारों में बेचैनी बढ़ गई है।

तहसील प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई ने यह संदेश दिया है कि सरकारी संपत्तियों पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लगातार सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया ने क्षेत्र में अतिक्रमणकर्ताओं में भय का माहौल पैदा कर दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि, तालाब, चकरोड, और सार्वजनिक संपत्तियों पर किए गए सभी अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित