चंडीगढ़ , अप्रैल 11 -- हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने सभी सरकारी अस्पतालों के तत्काल पुनरुद्धार के निर्देश जारी किये हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही या देरी पर सख्त कार्रवाई होगी और अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से जवाबदेह ठहराया जाएगा।

आदेशों के अनुसार 13 अप्रैल से राज्यभर के अस्पतालों में एक सप्ताह का विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसमें वार्ड, गलियारे, पार्किंग और आसपास के क्षेत्रों की गहन सफाई के साथ जैव-चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन सुनिश्चित करना अनिवार्य होगा। निगरानी के लिए फोटो साक्ष्य भी प्रस्तुत करने होंगे।

अस्पतालों में सभी कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान वर्दी और पहचान पत्र अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिये गये हैं, ताकि अनुशासन और मरीजों का विश्वास बढ़े। मरीजों के लिए स्वच्छ शौचालय, पेयजल,साफ बिस्तर और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है। भीड़ कम करने के लिए अतिरिक्त पंजीकरण काउंटर और हेल्प डेस्क स्थापित किये जाएंगे।

आयुष्मान भारत हेल्प डेस्क को सुचारू रूप से संचालित करने और एम्बुलेंस सेवाओं को 24 गुण सेवन सक्रिय रखने के निर्देश भी दिये गये हैं।

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के साथ अस्पतालों में संकेत चिन्ह, साफ-सफाई और बेहतर वातावरण सुनिश्चित करने पर बल दिया गया है। उपायुक्तों और एसडीएम को पांच दिन के भीतर अस्पतालोंका निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिये गये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित