पटना , अप्रैल 14 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद आज संध्या समय राज्यपाल अता हसनैन से मिले और विधायकों का समर्थन पत्र सौंप कर नई सरकार बनाने का औपचारिक दावा पेश किया।

श्री चौधरी बिहार में भाजपा के प्रभारी विनोद तावड़े, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी तथा अन्य गणमान्य नेताओं के साथ आज शाम लोक भवन में राज्यपाल से मिले और भाजपा के नेतृत्व वाली अगली सरकार के लिए समर्थन पत्र सौंपते हुए विधानसभा में गठबंधन के बहुमत का दावा किया।

इससे पहले श्री चौधरी को सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया और बाद में उन्हें राज्य में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का नेता भी घोषित किया गया।

राज्यपाल श्री हसनैन ने श्री चौधरी के दावे को स्वीकार करते हुए उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है। श्री चौधरी 15 अप्रैल की सुबह 10.50 बजे कुछ मंत्रियों के साथ मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित