पटना , अप्रैल 18 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को जननायक कर्पूरी ठाकुर स्मृति संग्रहालय भवन में वाचनालय विकसित करने की घोषणा की है। श्री चौधरी ने आज जननायक कर्पूरी ठाकुर स्मृति संग्रहालय, पटना के परिसर में स्थापित बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने स्मृति संग्रहालय भवन में जननायक कर्पूरी ठाकुर के तैलचित्र पर भी पुष्पांजलि अर्पित की।
श्री चौधरी ने जननायक कर्पूरी ठाकुर स्मृति संग्रहालय भवन के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के क्रम में स्मृति संग्रहालय भवन के फोटो गैलरी में उनके मुख्यमंत्रित्व काल एवं संघर्षों से जुड़ी लगाई गई तस्वीरों का अवलोकन किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने जननायक कर्पूरी ठाकुर के शयन कक्ष, स्मृति संग्रहालय का पुस्तकालय, डायनिंग हॉल का भी जायजा लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित