हरिद्वार, मार्च 14 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने सम्मोहन कर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर ठग को शनिवार को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी लोगों को पैसे और सोना डबल करने का झांसा देकर उन्हें अपने जाल में फंसाता था। पुलिस ने उसके कब्जे से दो पीली धातु के टॉप्स और 9,500 रूपये नगद बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार 12 फरवरी को राजीव नगर कॉलोनी गोविंदपुरी, कोतवाली ज्वालापुर निवासी एक महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि तीन अज्ञात युवकों ने उसे सम्मोहित कर 50 हजार रुपये नगद और कान के कुंडल उतरवा लिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए ज्वालापुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर तंत्र, डिजिटल साक्ष्यों, बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन और संदिग्धों की चेकिंग के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू की।
लगातार की जा रही कार्रवाई के कड़ी में पुलिस ने आरोपी जमशेद पुत्र गफ्फार निवासी सेक्टर-11 झुग्गी झोपड़ी, थाना विजयनगर, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) को लालपुर ज्वालापुर मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दोबारा ठगी की वारदात को अंजाम देने के इरादे से गाजियाबाद से हरिद्वार पहुंचा था, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया।
आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है, वहीं उसका आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
हरिद्वार पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार के लालच या झांसे में आकर अपनी मेहनत की कमाई और कीमती सामान न गंवाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित